ओपीजेयू में टेक्नोलॉजी का विश्वस्तरीय आयोजन- IEEE प्रायोजित तीन-दिवसीय अंतर्राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी सम्मेलन (OTCON 5.0) का आयोजन 26 जून से

ओपीजेयू में टेक्नोलॉजी का विश्वस्तरीय आयोजन- IEEE प्रायोजित तीन-दिवसीय अंतर्राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी सम्मेलन (OTCON 5.0) का आयोजन 26 जून से
(‘स्मार्ट कंप्यूटिंग फॉर इन्नोवेशन एंड एडवांसमेंट इन इंडस्ट्री 5.0’ विषय पर आधारित अंतर्राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी सम्मेलन में देश-विदेश के प्रख्यात विद्वानों के साथ 300 से अधिक प्रतिभागियों की होगी गरिमामयी सहभागिता।)
रायगढ़, 23 जून 2026
ओ.पी. जिंदल विश्वविद्यालय, रायगढ़ द्वारा IEEE प्रायोजित ‘स्मार्ट कंप्यूटिंग फॉर इन्नोवेशन एंड एडवांसमेंट इन इंडस्ट्री 5.0’ विषय पर तीन दिवसीय अंतर्राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी सम्मेलन (OTCON 5.0) का आयोजन 26 जून से 28 जून 2026 तक किया जाएगा। इंस्टीट्यूट ऑफ इलेक्ट्रिकल एंड इलेक्ट्रॉनिक्स इंजीनियर्स (IEEE) द्वारा प्रायोजित इस पांचवें अंतर्राष्ट्रीय सम्मेलन का आयोजन हाइब्रिड मोड में किया जाएगा। सम्मेलन के सह-अध्यक्ष डॉ. आशीष शर्मा तथा संयोजक डॉ. राकेश नायक एवं डॉ. आर. एन. शुक्ला ने जानकारी दी कि उभरती डिजिटल प्रौद्योगिकियां तीव्र गति से वैश्विक मूल्य श्रृंखलाओं को परिवर्तित कर रही हैं। इसी परिप्रेक्ष्य में ‘स्मार्ट कंप्यूटिंग फॉर इन्नोवेशन एंड एडवांसमेंट इन इंडस्ट्री 5.0’ विषय पर केंद्रित यह सम्मेलन आयोजित किया जा रहा है। इस अंतर्राष्ट्रीय सम्मेलन का उद्देश्य विश्वभर के शिक्षाविदों, शोधकर्ताओं, उद्योग विशेषज्ञों, नीति निर्माताओं, शासकीय प्रतिनिधियों तथा कॉर्पोरेट जगत के पेशेवरों को एक साझा मंच प्रदान करना है। यह मंच इंटेलिजेंट कंप्यूटिंग, संचार एवं नेटवर्किंग, नवीकरणीय ऊर्जा तथा इंटरनेट ऑफ थिंग्स (IoT) जैसे बहुआयामी क्षेत्रों में शोध, नवाचार, निष्कर्ष एवं अनुभवों के आदान-प्रदान को प्रोत्साहित करेगा, जिससे सतत विकास की नई संभावनाओं का मार्ग प्रशस्त हो सके।
ओपी जिंदल विश्वविद्यालय के कुलपति एवं सम्मेलन के चेयरमैन डॉ. आर. डी. पाटीदार ने कहा कि ‘स्मार्ट कंप्यूटिंग फॉर इन्नोवेशन एंड एडवांसमेंट इन इंडस्ट्री 5.0’ विषय पर आधारित यह सम्मेलन मध्य भारत के प्रमुख औद्योगिक एवं शैक्षणिक आयोजनों में एक महत्वपूर्ण स्थान रखता है। यह सम्मेलन इंटेलिजेंट सिस्टम्स, कंप्यूटर एवं संचार प्रौद्योगिकी, इलेक्ट्रॉनिक्स तथा बहुविषयक (इंटर-डिसिप्लिनरी) क्षेत्रों में शोध एवं नवाचार से जुड़े वैश्विक शिक्षाविदों, वैज्ञानिकों, शोधकर्ताओं और उद्योग विशेषज्ञों को एक मंच पर लाकर समकालीन चुनौतियों पर विचार-विमर्श तथा सतत विकास के लिए प्रभावी रणनीतियों के निर्माण का अवसर प्रदान करेगा। उन्होंने प्रतिभागियों को प्रेरित करते हुए कहा है कि यह सम्मेलन केवल विचार-विमर्श का मंच नहीं, बल्कि नवाचार, सहयोग और ज्ञान-साझेदारी के माध्यम से भविष्य की तकनीकी दिशा तय करने का एक सशक्त अवसर है। उन्होंने सभी प्रतिभागियों से आग्रह किया है कि वे अपने शोध, अनुभव और नवाचारी दृष्टिकोण के माध्यम से इंडस्ट्री 5.0 के विकास में सक्रिय योगदान दें और समाज के सतत एवं समावेशी विकास के लिए नए आयाम स्थापित करें। उन्होंने आगे बताया कि सम्मेलन के लिए विश्वभर से 3350 से अधिक शोध-पत्र प्राप्त हुए हैं, जो इंडस्ट्री 5.0 के संदर्भ में स्मार्ट कंप्यूटिंग के बढ़ते महत्व को दर्शाते हैं। दस से अधिक देशों से प्राप्त शोध-पत्र इस सम्मेलन की वैश्विक प्रासंगिकता को रेखांकित करते हैं। इस तीन-दिवसीय सम्मेलन में चयनित 300 से तकनीकी शोध-पत्रों का प्रस्तुतीकरण हाइब्रिड मोड में किया जाएगा। इसके अतिरिक्त उद्घाटन एवं समापन सत्रों के साथ-साथ कीनोट व्याख्यान और तकनीकी-सत्रों का आयोजन भी किया जाएगा, जो प्रतिभागियों को ज्ञान-विनिमय और नवाचार के लिए एक सशक्त मंच प्रदान करेंगे।

सम्मेलन का उद्घाटन समारोह 26 जून को ओ.पी. जिंदल विश्वविद्यालय, रायगढ़ के सभागार में आयोजित किया जाएगा। इस अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में प्रो. जी. एस. तोमर (चेयरपर्सन, IEEE मध्य प्रदेश सेक्शन) उपस्थित रहेंगे। विशिष्ट अतिथियों के रूप में प्रो. टी. पी. सिंह (प्रो-वाइस चांसलर, चंडीगढ़ विश्वविद्यालय, लखनऊ), श्री देबज्योति रॉय (होलटाइम डायरेक्टर, जिंदल स्टील), डॉ. मनीष दीक्षित (चेयर-इलेक्ट, IEEE मध्य प्रदेश सेक्शन), डॉ. जितेंद्र अग्रवाल (वाइस चेयर, IEEE मध्य प्रदेश सेक्शन), डॉ. अशोक भंसाली (डीन–IET, GLA विश्वविद्यालय, मथुरा), डॉ. आर. डी. पाटीदार (कुलपति, ओपी जिंदल विश्वविद्यालय, रायगढ़) तथा डॉ. अनुराग विजयवर्गीय (रजिस्ट्रार, OPJU) सहित अनेक गणमान्य अतिथि उपस्थित रहेंगे। इसके अतिरिक्त प्रमुख वक्ताओं के रूप में डॉ. दिलीप सिंह सिसोदिया (प्रोफेसर, राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थान, रायपुर), डॉ. विवेक तिवारी (IEEE ओवरसाइट कमेटी सदस्य), डॉ. रॉबिन सिंह भदौरिया (IEEE ओवरसाइट कमेटी सदस्य), डॉ. सुनीत गुप्ता (चंडीगढ़ विश्वविद्यालय, चंडीगढ़), डॉ. सौम्य मुखर्जी (LNMIIT, जयपुर), डॉ. मनीष बाजपेयी (राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थान, वारंगल), श्री स्वामी बिरू – (वाइस प्रेसिडेंट-एआई एवं एमएल, जेपी मॉर्गन चेज़ एंड कंपनी, डलास, यूएसए) तथा श्री जनार्धन नायडू कोला (डायरेक्टर, बिज़नेस इंटेलिजेंस, एडीपी-ऑटोमैटिक डेटा प्रोसेसिंग, इंक., मियामी, फ्लोरिडा, यूएसए) भी अपनी गरिमामयी उपस्थिति दर्ज कराएंगे। तीन दिनों तक चलने वाले इस अंतर्राष्ट्रीय सम्मेलन में देश-विदेश से आमंत्रित विषय विशेषज्ञ एवं प्रमुख वक्ता अपने विचार, अनुभव एवं शोध प्रस्तुत करेंगे, जिससे प्रतिभागियों को ज्ञान-विस्तार और वैश्विक परिप्रेक्ष्य की समृद्ध अनुभूति प्राप्त होगी।
ज्ञातव्य हो कि रायगढ़ के पुंजिपथरा स्थित NAAC “A” ग्रेड प्राप्त ओ.पी. जिंदल विश्वविद्यालय की स्थापना 2014 में (राज्य बिल अधिनियम 13) देश के प्रतिष्ठित औद्योगिक समूह – जिंदल ग्रुप द्वारा देश और विदेश के छात्रों को विश्व स्तरीय शिक्षा और प्रशिक्षण प्रदान करने के उद्देश्य से की गई थी। विश्वविद्यालय विश्वस्तर के पाठ्यक्रम, विश्वस्तरीय शिक्षक, आधुनिक शिक्षण विधियाँ, अत्याधुनिक बुनियादी ढाँचे और शिक्षार्थियों को एक जीवंत परिसर प्रदान करने के लिए प्रतिबद्ध है। कई प्रतिष्ठित पुरस्कारों से सम्मानित यह विश्वविद्यालय इस्पात प्रौद्योगिकी, विज्ञान और प्रबंधन का सबसे विशिष्ट और विश्वस्तरीय विश्वविद्यालय बनने की ओर अग्रसर है।

