अगले दो दिनों में छत्तीसगढ़ में बारिश होने की संभावना…..

उत्तर भारत में पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने और इसके प्रभाव से राजस्थान से उत्तरी मध्यप्रदेश तक ऊंचाई में चक्रवात प्रभावशील होने से अगले दो तीन दिनों में उत्तरी छत्तीसगढ़ में कहीं कहीं गरज-चमक के साथ हल्की बारिश होने की संभावना है। मौसम विभाग ने 14 और 15 दिसंबर को मौसम को लेकर चेतावनी जारी की है। मौसम के उतार चढ़ाव से किसान चिंतित हो गए हैं।
बताते चलें कि कई जगहों में अभी भी धान की मिसाई चल रही है, जो खराब मौसम में प्रभावित हो सकती है। इसकी वजह से किसानों को काफी नुकसान उठाना पड़ सकता है। इन दिनों उत्तरी छत्तीसगढ़ का मौसम रोज बदल रहा है। दिसंबर का महीना लगभग आधा खत्म होने के करीब पहुंच गया है, लेकिन अभी तक ठंड नहीं पड़ रही है।
कड़ाके की ठंड पड़ने के बाद पश्चिमी विक्षोभ और चक्रवात के कारण ठंड पर ब्रेक लग गया है। शनिवार को अंबिकापुर का न्यूनतम तापमान 15 डिग्री के करीब पहुंच गया। पिछले 24 घंटे में तापमान में लगभग चार डिग्री की वृद्धि हुई है।
आसमान में बादल छाने और उत्तर दिशा से ठंडी हवाओं के आने में रुकावट आ जाने के कारण सरगुजा संभाग में ठंड कम हो गई है। मगर, किसानों की चिंता बढ़ गई है। बहरहाल, अगले कुछ दिनों में हल्की बूंदाबांदी के बाद फिर से ठंड बढ़ने की संभावना जताई जा रही है। मौसम विज्ञानी एएम भट्ट के अनुसार, 14 और 15 दिसंबर के बाद मौसम खुलते ही घना कोहरा ऊपरी सतह पर बनेगा, जिससे आगे ठंड तेजी से बढ़ेगी।

