बिरहोर जाति के लोगो को कृषि के लिए ट्रैक्टर उपलब्ध कराएं -कलेक्टर भीम सिंह

बिरहोर जाति के लोगो को कृषि के लिए ट्रैक्टर उपलब्ध कराएं -कलेक्टर भीम सिंह
? कृषि के लिये जागरूक करते नि:शुल्क खाद और बीज उपलब्ध कराये जाने निर्देशित धर्मजयगढ़ शासकीय अस्पताल का किया निरीक्षण
धरमजयगढ़ संदेशा @ 16.7.2020 रायगढ़ कलेक्टर श्री भीम सिंह ने आज धरमजयगढ़ क्षेत्र के प्रवास ग्राम-खलबोरा पहुंचे। उन्होंने वहां निवासरत बिरहोर जाति के लोगों को कृषि कार्यों के लिये एक ट्रेक्टर उपलब्ध कराने के निर्देश दिये साथ ही कृषि तथा राजस्व विभाग के अधिकारियों को बिरहोर जाति के सभी लोगों को कृषि के लिये जागरूक करने तथा नि:शुल्क खाद और बीज उपलब्ध कराये जाने हेतु निर्देशित किया। उन्होंने वन विभाग तथा राजस्व अधिकारियों को यह भी निर्देश दिये कि जितनी जमीन में काबिज है पूरी जमीन का पट्टा प्रदान करें।

निरीक्षण के दौरान गांव की एक वृद्ध महिला ने कलेक्टर के समक्ष बताया कि वृद्धावस्था के कारण बैंक सखी के माध्यम से अंगूठे की बायोमेट्रिक स्केनिंग कर पेंशन की राशि का भुगतान करने में तकनीकी त्रुटि आ रही है जिससे राशि समय पर नहीं मिल पाती। कलेक्टर श्री सिंह ने तत्काल अधिकारियों को निर्देशित किया कि ग्राम सचिव के माध्यम से बैंक से समन्वय कर ऐसे वृद्धजन जिनका भुगतान तकनीकी कारणों से बैंक सखी के माध्यम से नहीं हो पा रहा है उनके पेंशन की राशि को आहरित कर संबंधित को समय पर भुगतान करवाये।
कलेक्टर श्री सिंह ने वन क्षेत्र स्थित ग्राम खलबोरा में खेल मैदान, तालाब, श्मशान भूमि तथा धार्मिक स्थल के लिये सामुदायिक वन भूमि पट्टा शीघ प्रदान करने के लिए भी निर्देशित किया, उन्होंने ग्राम खरबोरा में 30 एकड़ में निर्मित डबरी (8) का अवलोकन कर मछली पालन को बढ़ावा दिये जाने हेतु मत्स्य पालन विभाग के अधिकारी को प्रशिक्षण एवं मछली बीज उपलब्ध कराने के निर्देश दिये।
इस अवसर पर डीएफओ धरमजयगढ़ श्री मणिवासन एस, जिला पंचायत सीईओ सुश्री ऋचा प्रकाश चौधरी, सीएमएचओ डॉ.एस.एन.केशरी, सहायक आयुक्त श्री जितेन्द्र गुप्ता, एसडीएम धरमजयगढ़ श्री नंदकुमार चौबे तथा संबंधित अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे।

कलेक्टर श्री भीम सिंह ने किया सिविल अस्पताल धरमजयगढ़ का निरीक्षण
कलेक्टर भीम सिंह ने आज धरमजयगढ़ के सिविल अस्पताल का निरीक्षण किया। बीएमओ डॉ.बी.एल.भगत तथा बीपीएम श्री सूरज पटेल ने अस्पताल के ओपीडी में प्रतिदिन आने वाले मरीजों की संख्या और अस्पताल में होने वाले प्रसव के संबंध में अवगत कराया।
कलेक्टर सिंह ने अस्पताल की साफ-सफाई दुरूस्त पाये जाने पर कहा कि यह व्यवस्था निरंतर बनी रहनी चाहिये। उन्होंने अस्पताल के वार्डों में जाकर भर्ती मरीजों से सीधे बातचीत की और अस्पताल में मिलने वाले भोजन तथा अन्य सुविधाओं के बारे में जाना। साथ ही नर्सिंग स्टाफ से उनकी समस्याओं तथा अन्य कमियों के बारे में भी बातचीत किया तथा अस्पताल में वितरित की जाने वाली दवाईयों की भी जानकारी ली। इस दौरान अस्पताल में उपस्थित मरीजों ने कुछ डॉक्टरों के अनुपस्थित रहने के संबंध में कलेक्टर को अवगत कराया। जिस पर उन्होंने मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी से कहा कि जो डाक्टर ड्यूटी में लापरवाही कर रहे है उन्हें कलेक्टर के समक्ष उपस्थित होने हेतु निर्देशित करे।
इस अवसर पर डीएफओ धरमजयगढ़ श्री मणिवासन एस, जिला पंचायत सीईओ सुश्री ऋचा प्रकाश चौधरी, सीएमएचओ डॉ.एस.एन.केशरी, सहायक आयुक्त श्री जितेन्द्र गुप्ता, एसडीएम धरमजयगढ़ श्री नंदकुमार चौबे तथा संबंधित अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे।


