जिले के उद्योगों पर करोड़ों रूपयों का जलकर बकाया,वसूली के लिए तहसील कार्यालय से जारी हुई आरआरसी

जिले के उद्योगों पर करोड़ों रूपयों का जलकर बकाया,वसूली के लिए तहसील कार्यालय से जारी हुई आरआरसी

रायगढ़ @ संदेशा 20.8.2020
उद्योगों द्वारा विभिन्न प्राकृतिक स्त्रोतों से पानी तो ले रहे हैं,लेकिन पानी लेने के बाद जल कर का भुगतान करने में कोई दिलचस्पी उनके द्वारा नहीं दिखाई जा रही है। ऐसे दर्जन भर छोटे बड़े उद्योग हैं। एमएसपी स्टील पर एक अरब से ज्यादा की राशि बाकी है। इसी प्रकार इण्ड सिनर्जी, सालासर स्टील, सिघंल इंटरप्राइजेस सहित अन्य कंपनियों पर भी करोड़ों रूपयों का जल कर बकाया है। सभी से अब सख्ती से वसूली की कार्रवाई की जा रही है। फिलहाल 6 उद्योगों के विरूद्ध तहसीलदार द्वारा आरआरसी जारी कर राशि जमा करने 25 तारीख तक का समय दिया गया है।
एमएसपी स्टील पर एक अरब 26 करोड़ रूपए की राशि बकाया है जिसको लेकर उसने उच्च न्यायालय में याचिका दायर कर समय देने की मांग की थी। इसके अलावा बिजली विभाग के साथ भी एक प्रकरण न्यायालय में लंबित होने के कारण राशि वर्तमान में नहीं लेने की गुहार भी लगाई थी। आज उद्योग प्रबंधन को तहसीलदार द्वारा बुलवा कर 45 दिनों का समय देते हुए फिलहाल 25 करोड़ रूपए जमा करने को कहा गया है। इसके साथ ही 6 उद्योग को भी तहसील कार्यालय से आरआरसी जारी किया गया है।उद्योग प्रबंधन को 25 अगस्त तक जल कर की राशि पटाने आरआरसी जारी किया गया है। इसमें महामाया रोलिंग मिल 33 लाख 82 हजार,सिंघल इटरप्राइजेस 98 लाख 61 हजार,शाकम्बरी इस्पात 12 लाख 68 हजार,रायगढ इस्पात 21 लाख 14 हजार,सालासर स्टील 9 करोड़ 58 लाख,हर्ष कंस्ट्रक्शन 3 लाख का जल कर है बकाया है। तहसीलदार द्वारा निर्धारित समय में राशि जमा नहीं करने वाले उद्योगों के विरूद्ध कार्रवाई करने की बात कही जा रही है।

