स्मार्ट इंडिया हैकथॉन (SIH)–2025 (हार्डवेयर एडिशन) के ग्रैंड फिनाले का भव्य आयोजन 8 दिसंबर से ओ.पी. जिंदल विश्वविद्यालय में

स्मार्ट इंडिया हैकथॉन (SIH)–2025 (हार्डवेयर एडिशन) के ग्रैंड फिनाले का भव्य आयोजन 8 दिसंबर से ओ.पी. जिंदल विश्वविद्यालय में
(देशभर से चुनकर आई 20 सर्वश्रेष्ठ टीमों के 120 प्रतिभागी, 30 विशेषज्ञ मेंटर्स के मार्गदर्शन में 8 से 12 दिसंबर तक ओ.पी. जिंदल विश्वविद्यालय, रायगढ़ में अपनी तकनीकी नवाचार क्षमता का करेंगे शानदार प्रदर्शन )रायगढ़/तमनार @संदेशा 24ओ.पी. जिंदल विश्वविद्यालय, रायगढ़ में स्मार्ट इंडिया हैकथॉन–2025 (हार्डवेयर एडिशन) के ग्रैंड फिनाले का आयोजन 08 से 12 दिसंबर 2025 के बीच किया जाएगा। इस दौरान पूरे भारत से चयनित 20 टीमें और 120 प्रतिभागी, 30 एक्सपर्ट मेंटर्स के मार्गदर्शन में अपनी तकनीकी दक्षता और नवाचार क्षमता का प्रदर्शन करेंगे। स्मार्ट इंडिया हैकथॉन (SIH) भारत का सबसे बड़ा ओपन इनोवेशन मॉडल है, जो छात्रों को उद्योगों और सरकारी संस्थानों द्वारा प्रस्तुत वास्तविक समस्याओं के लिए नवीन समाधान विकसित करने हेतु प्रेरित करता है। यह मंच देशभर के हजारों विद्यार्थियों को अपने नवाचारों को वास्तविक उपयोग और व्यावहारिक अनुप्रयोग तक पहुँचाने का अनूठा अवसर प्रदान करता है।
विश्वविद्यालय के कुलपति डॉ. आर. डी. पाटीदार ने बताया कि 8 से 12 दिसंबर 2025 तक आयोजित होने वाले इस हैकथॉन के हार्डवेयर संस्करण के ग्रैंड फिनाले के लिए ओपीजेयू को नोडल सेंटर के रूप में चुना गया है। स्मार्ट इंडिया हैकथॉन–2025 की मेजबानी के लिए विश्वविद्यालय का चयन देशभर के 18 चयनित संस्थानों में से एक के रूप में किया गया है। ओपीजेयू को यह जिम्मेदारी विश्वविद्यालय में उपलब्ध अत्याधुनिक सुविधाओं एवं संसाधनों के आधार पर प्रदान की गई है। यह आयोजन शिक्षा मंत्रालय इनोवेशन सेल की एक राष्ट्रीय पहल है, जिसका उद्देश्य छात्रों को सरकारी विभागों, मंत्रालयों, उद्योगों एवं विभिन्न संगठनों द्वारा प्रस्तुत वास्तविक समस्याओं के समाधान हेतु एक मंच प्रदान करना है। ग्रैंड फिनाले के दौरान चयनित छात्र टीमें अपने निर्धारित 04 प्रॉब्लम स्टेटमेंट के लिए कार्यशील समाधान विकसित करने हेतु विशेषज्ञ सलाहकारों तथा उद्योग/मंत्रालय प्रतिनिधियों के मार्गदर्शन में चौबीसों घंटे कार्य करती हैं।ओपीजेयू में यह प्रतियोगिता 8 दिसंबर को सुबह 9 बजे शुरू होगी और 12 दिसंबर को शाम 6 बजे संपन्न होगी। इस अवधि के दौरान सभी प्रतिभागी दल जजों और मेंटर्स के मार्गदर्शन में अपनी तकनीकी क्षमता और नवाचार कौशल का प्रदर्शन करेंगे। स्मार्ट इंडिया हैकथॉन–2025 (हार्डवेयर एडिशन) के लिए देशभर में कुल 18 नोडल केंद्र निर्धारित किए गए हैं, जिनमें ओपीजेयू भी एक प्रमुख नोडल केंद्र के रूप में शामिल है। जिंदल स्टील के चेयरमैन श्री नवीन जिंदल तथा ओपी जिंदल विश्वविद्यालय, रायगढ़ की चांसलर श्रीमती शालू जिंदल ने स्मार्ट इंडिया हैकथॉन–2025 (हार्डवेयर एडिशन) के ग्रैंड फिनाले के आयोजन के लिए विश्वविद्यालय के कुलपति डॉ. आर. डी. पाटीदार और समस्त आयोजन दल को हार्दिक बधाई दी है। साथ ही, उन्होंने प्रतियोगिता में भाग लेने वाले सभी प्रतिभागियों को शुभकामनाएँ भी प्रेषित की हैं।स्मार्ट इंडिया हैकथॉन–2023 (हार्डवेयर एडिशन) के सफल आयोजन के लिए डॉ. आर. एन. शुक्ल के संयोजकत्व में फैकल्टी सदस्यों और छात्रों की एक आयोजन समिति का गठन किया गया है। विश्वविद्यालय इस प्रतिष्ठित राष्ट्रीय प्रतियोगिता की मेजबानी के लिए पूर्णतः तैयार है।संयोजक डॉ. आर. एन. शुक्ला ने बताया कि इस प्रतियोगिता का उद्घाटन 8 दिसंबर को सुबह 8:00 बजे विशिष्ट अतिथियों डॉ. जी. ए. घनश्याम (ज्वाइंट डायरेक्टर, उच्च शिक्षा विभाग, छत्तीसगढ़ शासन), डॉ. सी. एस. वर्मा (डेप्युटी डायरेक्टर, AICTE), ओपीजेयू के कुलपति डॉ. आर. डी. पाटीदार एवं अन्य गणमान्य अतिथियों की उपस्थिति में संपन्न होगा। विभिन्न मंत्रालयों, सरकारी विभागों और उद्योग संगठनों के विशेषज्ञ मूल्यांकनकर्ता OPJU में उपस्थित होकर प्रतिभागी टीमों द्वारा विकसित हार्डवेयर-आधारित नवाचारों का मूल्यांकन करेंगे। यह आयोजन अत्याधुनिक प्रोटोटाइप, वास्तविक समस्याओं के समाधान तथा राष्ट्रीय प्राथमिकताओं के अनुरूप उच्च प्रभाव वाले नवाचारों के प्रदर्शन का उत्कृष्ट मंच बनेगा। डॉ. शुक्ला ने बताया कि वर्ष 2023 में ओ.पी. जिंदल विश्वविद्यालय ने स्मार्ट इंडिया हैकथॉन–2023 (सॉफ्टवेयर एडिशन) के ग्रैंड फिनाले का सफल आयोजन किया था, जिसमें देशभर से 26 टीमें शामिल हुई थीं और 200 से अधिक प्रतिभागियों ने अपनी उत्कृष्ट तकनीकी दक्षता और नवाचार क्षमता का प्रदर्शन किया था।
ज्ञातव्य हो कि रायगढ़ के पुंजिपथरा स्थित ओपी जिंदल विश्वविद्यालय की स्थापना 2014 में (राज्य बिल अधिनियम 13) देश के प्रतिष्ठित औद्योगिक समूह – जिंदल ग्रुप द्वारा देश और विदेश के छात्रों को विश्व स्तरीय शिक्षा और प्रशिक्षण प्रदान करने के उद्देश्य से की गई थी। विश्वविद्यालय विश्व स्तर के पाठ्यक्रम, विश्व स्तरीय शिक्षक, आधुनिक शिक्षण विधियाँ, अत्याधुनिक बुनियादी ढाँचे और शिक्षार्थियों को एक जीवंत परिसर प्रदान करने के लिए प्रतिबद्ध है; और यह विश्वविद्यालय इस्पात प्रौद्योगिकी और प्रबंधन की विश्वस्तरीय शिक्षा प्रदान करने के लिए डेडिकेटेड रूप से कार्य कर रहा है।


