ओ.पी. जिंदल विश्वविद्यालय के छात्रों की “आईसीआईसीआई बैंक- प्लेसमेंट ड्राइव” में ऐतिहासिक छलांग

ओ.पी. जिंदल विश्वविद्यालय के छात्रों की “आईसीआईसीआई बैंक- प्लेसमेंट ड्राइव” में ऐतिहासिक छलांग
(आईसीआईसीआई बैंक में 53 छात्रों का चयन, रिलेशनशिप मैनेजर पद पर मिली शानदार सफलता)
रायगढ़ @संदेशा 24
ओ.पी. जिंदल विश्वविद्यालय (OPJU), रायगढ़ ने एक बार फिर अपनी शैक्षणिक उत्कृष्टता, व्यावहारिक प्रशिक्षण और इंडस्ट्री-रेडी शिक्षा प्रणाली की सशक्त मिसाल पेश करते हुए प्लेसमेंट के क्षेत्र में ऐतिहासिक उपलब्धि दर्ज की है। विश्वविद्यालय के 53 स्नातक छात्रों का चयन देश के अग्रणी निजी क्षेत्र के बैंक- “आईसीआईसीआई बैंक” (ICICI Bank) में रिलेशनशिप मैनेजर जैसे प्रतिष्ठित और जिम्मेदारीपूर्ण पद के लिए हुआ है। यह चयन आईसीआईसीआई बैंक द्वारा आयोजित विशेष प्लेसमेंट ड्राइव के माध्यम से किया गया, जिसमें छात्रों की बैंकिंग ज्ञान, ग्राहक प्रबंधन क्षमता, विश्लेषणात्मक सोच और व्यावसायिक समझ का गहन मूल्यांकन किया गया। चयन प्रक्रिया में लिखित एप्टीट्यूड परीक्षा तथा व्यक्तिगत साक्षात्कार शामिल थे, जिनमें ओपी जिंदल यूनिवर्सिटी के छात्रों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन कर अपनी प्रतिभा और आत्मविश्वास का परिचय दिया।
करियर डेवलपमेंट सेंटर के निदेशक डॉ. शेषदेव नायक ने इस उल्लेखनीय उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए बताया कि यह मेगा रिक्रूटमेंट ड्राइव 5 फरवरी 2026 को आयोजित की गई थी। चयन प्रक्रिया के अंतर्गत छात्रों का मूल्यांकन लिखित एप्टीट्यूड टेस्ट तथा उसके बाद व्यक्तिगत साक्षात्कार (पर्सनल इंटरव्यू) के माध्यम से किया गया। उन्होंने बताया कि चयनित छात्रों को नॉन-मेट्रो शहरों में ₹4.5 लाख प्रति वर्ष तथा मेट्रो शहरों में ₹5 लाख प्रति वर्ष का आकर्षक वार्षिक पैकेज प्रदान किया जाएगा। डॉ. नायक ने आगे कहा कि चयनित छात्रों को रिटेल बैंकिंग, कस्टमर रिलेशनशिप मैनेजमेंट, फाइनेंशियल प्रोडक्ट्स, वेल्थ मैनेजमेंट और सेल्स एक्सीलेंस जैसे महत्वपूर्ण क्षेत्रों में व्यावहारिक अनुभव प्राप्त होगा, जिससे उनके पेशेवर करियर को एक मजबूत और दीर्घकालिक आधार मिलेगा।
इस अवसर पर विश्वविद्यालय के कुलपति डॉ. आर. डी. पाटीदार ने चयनित छात्रों को हार्दिक बधाई देते हुए कहा,“आईसीआईसीआई बैंक जैसे प्रतिष्ठित संस्थान द्वारा हमारे 53 छात्रों का चयन होना ओपी जिंदल यूनिवर्सिटी की उच्च शिक्षा गुणवत्ता, नवाचार आधारित शिक्षण पद्धति तथा सशक्त इंडस्ट्री कनेक्ट का प्रमाण है। हमें गर्व है कि हमारे छात्र राष्ट्र के वित्तीय क्षेत्र में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने के लिए पूर्णतः तैयार हैं। यह सफलता पूरे विश्वविद्यालय परिवार के लिए प्रेरणास्रोत है।” उन्होंने आगे कहा कि देश के सबसे भरोसेमंद और प्रतिष्ठित निजी क्षेत्र के बैंकों में शामिल आईसीआईसीआई बैंक द्वारा एक ही प्लेसमेंट ड्राइव में 53 छात्रों का चयन किया जाना, ओपी जिंदल यूनिवर्सिटी की इंडस्ट्री-अलाइन्ड पाठ्यक्रम संरचना और करियर डेवलपमेंट सेंटर (CDC) की प्रभावी, योजनाबद्ध एवं परिणामोन्मुख प्रशिक्षण रणनीतियों का प्रत्यक्ष परिणाम है। इस उल्लेखनीय उपलब्धि के लिए कुलपति डॉ. आर. डी. पाटीदार ने विश्वविद्यालय के करियर डेवलपमेंट सेंटर (CDC) की पूरी टीम तथा उनसे जुड़े विभागीय प्लेसमेंट समन्वयकों को विशेष रूप से बधाई दी। उन्होंने कहा कि CDC द्वारा संचालित कठोर प्रशिक्षण कार्यक्रमों, इंडस्ट्री-अलाइन्ड पाठ्यक्रमों और समग्र व्यक्तित्व विकास पहलों के कारण ही बड़ी संख्या में छात्रों का चयन संभव हो पाया है।
इस ऐतिहासिक उपलब्धि के अवसर पर विश्वविद्यालय के कुलसचिव डॉ. अनुराग विजयवर्गीय ने सभी चयनित छात्रों को हार्दिक बधाई और शुभकामनाएँ दीं। उन्होंने कहा,“यह उपलब्धि केवल प्लेसमेंट की संख्या तक सीमित नहीं है, बल्कि हमारे संस्थागत विज़न और छात्र-केंद्रित दृष्टिकोण की सफलता को भी स्पष्ट रूप से दर्शाती है। ओपी जिंदल यूनिवर्सिटी निरंतर ऐसे अवसरों का सृजन कर रही है, जो हमारे छात्रों को वैश्विक स्तर पर प्रतिस्पर्धी और सक्षम बनाते हैं।” इस अवसर पर विश्वविद्यालय के सभी स्कूलों के डीन और विभागाध्यक्षों ने भी चयनित छात्रों को हार्दिक बधाई और शुभकामनाएँ दीं। उन्होंने सभी छात्रों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए कहा कि आईसीआईसीआई बैंक द्वारा ओपी जिंदल यूनिवर्सिटी के छात्रों का चयन, विश्वविद्यालय के टैलेंट पूल में बैंक के भरोसे को और मजबूत करता है। सभी ने यह भी आशा व्यक्त की कि इस तरह की सफलताएँ भविष्य में भी निरंतर जारी रहेंगी।
ज्ञातव्य हो कि रायगढ़ के पुंजिपथरा स्थित NAAC “A” ग्रेड प्राप्त ओ.पी. जिंदल विश्वविद्यालय की स्थापना 2014 में (राज्य बिल अधिनियम 13) देश के प्रतिष्ठित औद्योगिक समूह – जिंदल ग्रुप द्वारा की गई थी। विश्वविद्यालय का उद्देश्य देश और विदेश के छात्रों को विश्वस्तरीय शिक्षा और प्रशिक्षण प्रदान करना है। ओ.पी. जिंदल विश्वविद्यालय विश्वस्तरीय पाठ्यक्रम, उत्कृष्ट शिक्षक, आधुनिक शिक्षण विधियाँ, अत्याधुनिक बुनियादी ढाँचा और सक्रिय शिक्षार्थी जीवन के लिए प्रतिबद्ध है। यह विश्वविद्यालय शीर्ष कॉर्पोरेट्स के साथ रणनीतिक साझेदारियों, स्किल-बिल्डिंग वर्कशॉप्स, मॉक इंटरव्यू सेशंस और सशक्त एलुमनी नेटवर्क के माध्यम से अपने प्लेसमेंट इकोसिस्टम को मजबूत करता है, ताकि छात्रों को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट करियर अवसर मिलते रहें।


