जनगणना-2027: मकान सूचीकरण के लिए चार्ज स्तर पर प्रशिक्षण शुरू

जनगणना-2027: मकान सूचीकरण के लिए चार्ज स्तर पर प्रशिक्षण शुरू
*तीन चरणों में होगा प्रशिक्षण, प्रगणकों और सुपरवाइजरों को दी जा रही जानकारी
*2189 प्रगणक और 374 सुपरवाइजर प्रशिक्षण में शामिल
*स्व-गणना के लिए नागरिकों को किया जा रहा प्रेरित
रायगढ़ @संदेशा 24
जनगणना कार्य निदेशालय छत्तीसगढ़ के निर्देशानुसार जनगणना-2027 का आयोजन दो चरणों में किया जाना है। इसके प्रथम चरण के अंतर्गत मकान सूचीकरण एवं मकानों की गणना का कार्य राज्य में 01 मई से 30 मई 2026 तक किया जाएगा।
निर्धारित समय-सीमा में जनगणना कार्यों को सफलतापूर्वक संपादित करने हेतु अधिकारियों एवं कर्मचारियों का प्रशिक्षण अत्यंत आवश्यक माना गया है। इसी क्रम में जिले में प्रगणकों एवं पर्यवेक्षकों के लिए चार्ज स्तर पर प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। यह प्रशिक्षण 15 अप्रैल से 17 अप्रैल, 19 अप्रैल से 21 अप्रैल तथा 22 अप्रैल से 24 अप्रैल 2026 तक तीन चरणों में संपन्न होगा, जिसके लिए विस्तृत प्रशिक्षण प्लान तैयार किया गया है। 16 अप्रैल को प्रशिक्षण के द्वितीय दिवस पर जिले के 17 चार्ज क्षेत्रों एवं नगर निगम रायगढ़ में प्रशिक्षण आयोजित किया गया। इस दौरान कुल 2189 प्रगणकों एवं 374 सुपरवाइजरों को जनगणना संबंधी आवश्यक दिशा-निर्देश एवं प्रक्रियाओं की जानकारी दी गई।
प्रशिक्षण की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के उद्देश्य से जिला जनगणना अधिकारी रायगढ़ द्वारा तहसील खरसिया, अतिरिक्त जिला जनगणना अधिकारी एवं जिला मास्टर ट्रेनर द्वारा तहसील घरघोड़ा तथा राज्य स्तर के अधिकारी द्वारा नटवर स्कूल रायगढ़ में आयोजित प्रशिक्षण का निरीक्षण भी किया गया। जनगणना-2027 के प्रथम चरण के अंतर्गत छत्तीसगढ़ में 16 अप्रैल से 30 अप्रैल 2026 तक स्व-गणना का कार्य संचालित किया जा रहा है। इसके तहत आम नागरिक जनगणना की आधिकारिक वेबसाइट https://se.census.gov.in/ पर लॉगिन कर स्वयं अपनी जानकारी दर्ज कर सकते हैं। जिला प्रशासन द्वारा नागरिकों से इस प्रक्रिया में सक्रिय भागीदारी निभाने और देश के विकास में सहयोग करने की अपील की गई है।



