जनदर्शन में कलेक्टर ने सुनी आमजन की समस्याएं, अधिकारियों को समयबद्ध एवं नियमानुसार निराकरण के दिए निर्देश

जनदर्शन में कलेक्टर ने सुनी आमजन की समस्याएं, अधिकारियों को समयबद्ध एवं नियमानुसार निराकरण के दिए निर्देश
*स्कूलों में शिक्षक व्यवस्था, स्वास्थ्य केंद्र, सड़क, आवास और दिव्यांग हितग्राहियों से जुड़े प्रकरणों पर तत्काल कार्रवाई के निर्देश*
रायगढ़ @संदेशा 24
जिले के आमजनों की समस्याओं के समाधान के लिए प्रत्येक सोमवार को जिला कलेक्टोरेट में आयोजित जनदर्शन में कलेक्टर श्री मयंक चतुर्वेदी ने विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे नागरिकों की समस्याएं और मांगें सुनीं। उन्होंने संबंधित विभागों के अधिकारियों को सभी आवेदनों का नियमानुसार त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जनदर्शन में प्राप्त आवेदनों का समयबद्ध निराकरण प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है और इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।
जनदर्शन में ग्राम कंडूरजा के ग्रामीणों ने विजयनगर स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) भवन के जर्जर होने तथा क्षेत्र में एम्बुलेंस सुविधा उपलब्ध नहीं होने से हो रही कठिनाइयों से अवगत कराया। ग्रामीणों ने पुराने भवन को हटाकर नया भवन निर्माण कराने तथा एम्बुलेंस की व्यवस्था करने की मांग की। इस पर कलेक्टर ने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए।

शासकीय प्राथमिक शाला नटवर के विद्यार्थियों के अभिभावकों ने विद्यालय में शिक्षक की कमी के कारण बच्चों की पढ़ाई प्रभावित होने की जानकारी देते हुए अतिरिक्त शिक्षक की मांग की। कलेक्टर ने जिला शिक्षा अधिकारी को आवश्यक व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। ग्राम पंचायत तेलीकोट के ग्रामीणों ने स्वच्छ भारत मिशन के अंतर्गत शौचालय निर्माण कार्य में अनियमितता की शिकायत करते हुए जांच की मांग की। कलेक्टर ने मुख्य कार्यपालन अधिकारी, जनपद पंचायत को जांच कर नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
लैलूंगा विकासखंड के ग्राम केन्दाटिकरा ग्राम पंचायत रुडुकेला के ग्रामीणों ने उरांवपारा केन्दाटिकरा गौरसाय घर से पीठाआमा तक लगभग 1.5 किलोमीटर सड़क निर्माण की मांग रखी। ग्रामीणों ने बताया कि मार्ग मुख्य सड़क से नहीं जुड़ा होने के कारण बरसात में पूरी तरह कीचड़युक्त हो जाता है, जिससे लगभग 170 आबादी प्रभावित होती है। स्कूली बच्चों के आवागमन के साथ-साथ आपातकालीन स्थिति में एम्बुलेंस और अन्य चारपहिया वाहनों का संचालन भी बाधित हो जाता है। उन्होंने मुख्यमंत्री ग्राम सड़क योजना के अंतर्गत सड़क स्वीकृत करने का आग्रह किया।

कलेक्टर ने संबंधित विभाग को नियमानुसार परीक्षण कर आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
इसी प्रकार ग्राम पंचायत अमलीभौना की सोनिया देवांगन ने प्रधानमंत्री आवास योजना का लाभ दिलाने, जूटमिल रायगढ़ निवासी शनि कुमार साहू ने अपनी दिव्यांग पुत्री को शासन की योजनाओं का लाभ उपलब्ध कराने, विजयपुर के ग्रामीणों ने नवीन शासकीय प्राथमिक शाला भवन निर्माण

, ग्राम मुरालीपाली की बबीता यादव ने दिव्यांग होने के कारण स्वरोजगार हेतु सहायता, ग्राम नवापारा मिलूपारा की दयावती ने अंत्योदय राशन कार्ड जारी करने तथा खरसिया के सेवानिवृत्त प्रधान पाठक आदित्य शंकर राय ने अर्जित अवकाश के नगदीकरण एवं सामान्य भविष्य निधि की राशि के भुगतान के संबंध में आवेदन प्रस्तुत किया। इसके अलावा अन्य आवेदकों ने भी अपनी विभिन्न मांगों, शिकायतों एवं समस्याओं से संबंधित आवेदन कलेक्टर के समक्ष प्रस्तुत किए।
कलेक्टर ने सभी आवेदनों का एक-एक कर अवलोकन किया और संबंधित अधिकारियों को नियमानुसार त्वरित, संवेदनशील एवं प्रभावी निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने कहा कि मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय की मंशा के अनुरूप आमजन की समस्याओं का समयबद्ध समाधान सुनिश्चित किया जाए। इस अवसर पर जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित थे।


