23 कट्टा धान को खराब बता कर मांगे 500 रुपये,किसान को अटैक आने से खरीदी केन्द्र में ही मौत…

राजनांदगांव। समर्थन मूल्य पर जारी धान खरीदी के बीच किसानों को परेशान किया जा रहा है। बिना पैसा लिए किसानों के धान की तौलाई और खरीदी नहीं हो रही है। मंगलवार को घुमका खरीदी केन्द्र में धान बेचने पहुंचे गिधवा निवासी किसान करण पिता टिभन साहू 55 वर्ष के 23 कट्टा धान को खराब बताकर तौलने से इनकार किया गया तो किसान को हार्ट अटैक आ गया। मौके पर ही किसान ने दम तोड़ दिया।
इस घटना के बाद खरीदी केन्द्र में हड़कंप मच गया। इस मामले में मंत्री अमरजीत भगत ने कहा कि घटना की पूरी जानकारी ले रहा हूं और कलेक्टर से पूरी जांच के बाद कार्रवाई करने कहा है। वहीं, परिजनों ने आरोप लगाया है कि पैसे लेने के चक्कर में धान को खराब बताया गया। वहीं तौलाई करने के लिए वहां मौजूद कर्मचारियों ने 500 रुपए की मांग की। परिजनों ने घुमका थाना में शिकायत कर मामले की जांच कर दोषियों पर कार्रवाई की मांग की है।