आशा निकेतन में वरिष्ठजनों की स्वास्थ्य जांच, विधिक अधिकारों के प्रति किया जागरूक

आशा निकेतन में वरिष्ठजनों की स्वास्थ्य जांच, विधिक अधिकारों के प्रति किया जागरूक
रायगढ़ @ संदेशा 24
अंतरराष्ट्रीय वरिष्ठ नागरिक दिवस के अवसर पर जिला विधिक सेवा प्राधिकरण रायगढ़ द्वारा स्वास्थ्य विभाग के समन्वय से 1 अक्टूबर को आशा निकेतन वृद्धाश्रम, कौहाकुण्डा में स्वास्थ्य एवं विधिक जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में वृद्धजनों के स्वास्थ्य परीक्षण के साथ उन्हें उनके विधिक अधिकारों की जानकारी दी गई।
शिविर के दौरान आश्रम में निवासरत 29 वरिष्ठजनों का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया। स्वास्थ्य विभाग की टीम ने आवश्यक जांच करते हुए स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं के लिए उचित उपचार एवं चिकित्सकीय परामर्श प्रदान किया। साथ ही वरिष्ठजनों की स्वास्थ्य संबंधी आवश्यकताओं के संबंध में आवश्यक मार्गदर्शन दिया गया। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण द्वारा वरिष्ठजनों को उनके विधिक अधिकारों एवं उपलब्ध कानूनी सहायता के बारे में जानकारी दी गई। उन्हें बताया गया कि किसी भी प्रकार की कानूनी समस्या, अधिकारों के उल्लंघन अथवा सहायता की आवश्यकता होने पर जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के माध्यम से आवश्यक विधिक सहायता प्राप्त की जा सकती है। शिविर के माध्यम से वरिष्ठजनों के स्वास्थ्य की देखभाल के साथ उन्हें अपने अधिकारों के प्रति जागरूक करने का प्रयास किया गया, ताकि वे उपलब्ध स्वास्थ्य एवं विधिक सेवाओं का लाभ लेकर सम्मानजनक और सुरक्षित जीवन जी सकें।

