मतदाता जागरूकता को लेकर 18 नवंबर को होगी जिला स्तरीय निबंध एवं प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता
मतदाता जागरूकता को लेकर 18 नवंबर को होगी जिला स्तरीय निबंध एवं प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता
*किरोड़ीमल शासकीय कला एवं विज्ञान महाविद्यालय में दोपहर 12 बजे से होगा आयोजन, श्रेष्ठ 10 विद्यार्थियों का होगा चयन*
रायगढ़ @ संदेशा 24
लोकतांत्रिक व्यवस्था में युवाओं की भागीदारी बढ़ाने और विद्यार्थियों को निर्वाचन प्रक्रिया के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से रायगढ़ जिले में मतदाता जागरूकता से जुड़ी प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जा रहा है। भारत निर्वाचन आयोग एवं मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी, छत्तीसगढ़ के निर्देशानुसार जिले में संचालित प्रतियोगिताओं के अंतिम चरण के तहत 18 नवंबर को जिला स्तरीय निबंध एवं प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता आयोजित की जाएगी। यह प्रतियोगिता किरोड़ीमल शासकीय कला एवं विज्ञान महाविद्यालय, रायगढ़ में दोपहर 12 बजे से आयोजित होगी। इसमें विधानसभा स्तरीय प्रतियोगिताओं में चयनित श्रेष्ठ विद्यार्थी शामिल होंगे। प्रतियोगिता के माध्यम से विद्यार्थियों को निर्वाचन प्रक्रिया, मताधिकार और लोकतांत्रिक मूल्यों के प्रति जागरूक करने के साथ उनकी प्रतिभा को प्रोत्साहित किया जाएगा।
निर्वाचन साक्षरता क्लबों के माध्यम से जिले के शासकीय एवं अशासकीय स्कूलों तथा महाविद्यालयों में 2 नवंबर से 18 नवंबर तक तीन स्तरीय प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जा रहा है। इसके अंतर्गत निबंध एवं प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिताओं के विभिन्न चरण आयोजित किए जा रहे हैं। विधानसभा स्तर पर चयनित विद्यार्थियों को जिला स्तरीय प्रतियोगिता में अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर मिलेगा।
*उत्तर पुस्तिकाओं के मूल्यांकन के लिए अधिकारियों की जिम्मेदारी तय*
जिला निर्वाचन कार्यालय द्वारा प्रतियोगिता के सफल आयोजन और उत्तर पुस्तिकाओं के मूल्यांकन के लिए सात अधिकारियों एवं शिक्षकों की जिम्मेदारी निर्धारित की गई है। इनमें किरोड़ीमल शासकीय कला एवं विज्ञान महाविद्यालय तथा शासकीय पी.डी. कॉमर्स महाविद्यालय के सहायक प्राध्यापकों को हिंदी एवं अंग्रेजी माध्यम की उत्तर पुस्तिकाओं के मूल्यांकन का दायित्व सौंपा गया है। वहीं शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालयों के तीन व्याख्याताओं को विधानसभा स्तरीय मास्टर ट्रेनर के रूप में जिम्मेदारी दी गई है। जिला निर्वाचन कार्यालय ने संबंधित अधिकारियों को 18 नवंबर को प्रतियोगिता के आयोजन के लिए आवश्यक बैठक व्यवस्था सुनिश्चित करने तथा उसी दिन उत्तर पुस्तिकाओं का मूल्यांकन कर श्रेष्ठ 10 विद्यार्थियों की चयन सूची उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं।

