बोर्ड परीक्षा में बेहतर परिणाम के लिए प्राचार्यों की समीक्षा बैठक आयोजित, कमजोर विद्यार्थियों पर रहेगा विशेष फोकस

बोर्ड परीक्षा में बेहतर परिणाम के लिए प्राचार्यों की समीक्षा बैठक आयोजित, कमजोर विद्यार्थियों पर रहेगा विशेष फोकस*पाठ्यक्रम पूर्णता, नियमित अध्यापन और विद्यार्थियों के शैक्षणिक स्तर में सुधार के लिए दिए गए निर्देश*रायगढ़ @ संदेशा 24आगामी बोर्ड परीक्षाओं में बेहतर परिणाम सुनिश्चित करने और विद्यालयों में शैक्षणिक गुणवत्ता सुधारने के उद्देश्य से जिले के सभी शासकीय हाई एवं हायर सेकेंडरी स्कूलों के प्राचार्यों की जिला स्तरीय समीक्षा बैठक आयोजित की गई। जिला कलेक्टोरेट स्थित सृजन सभाकक्ष में दो पालियों में आयोजित इस बैठक में विद्यालयों में अध्यापन व्यवस्था, विद्यार्थियों की शैक्षणिक प्रगति और विभागीय योजनाओं के क्रियान्वयन की विस्तार से समीक्षा की गई।
कलेक्टर श्री मयंक चतुर्वेदी के निर्देशानुसार तथा मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत श्री अभिजीत बबन पठारे के मार्गदर्शन में आयोजित बैठक में जिला शिक्षा अधिकारी एवं जिला मिशन समन्वयक समग्र शिक्षा ने प्राचार्यों को आगामी बोर्ड परीक्षाओं को ध्यान में रखते हुए विशेष कार्ययोजना के साथ काम करने के निर्देश दिए। विद्यार्थियों की नियमित पढ़ाई, निर्धारित समय में पाठ्यक्रम पूरा करने, कमजोर विद्यार्थियों की पहचान कर उन्हें विशेष शैक्षणिक सहयोग देने और बेहतर परीक्षा परिणाम के लिए निरंतर प्रयास करने पर जोर दिया गया। साथ ही शिक्षकों के अवकाश अथवा अन्य कारणों से अध्यापन प्रभावित न हो, इसके लिए वैकल्पिक शिक्षण व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
*विद्यालयवार योजनाओं और लंबित कार्यों की हुई समीक्षा*बैठक में विद्यालयवार अपार आईडी निर्माण, छात्रवृत्ति प्रकरणों का निराकरण, मुख्यमंत्री जनदर्शन एवं हेल्पलाइन से प्राप्त शिकायतों का समय-सीमा में समाधान, नशामुक्त भारत पोर्टल पर पंजीयन और गौ विज्ञान परीक्षा के लिए विद्यार्थियों के पंजीयन की समीक्षा की गई। राष्ट्रीय आविष्कार अभियान के अंतर्गत विद्यार्थियों के शैक्षणिक भ्रमण सहित अन्य विभागीय योजनाओं एवं कार्यक्रमों की प्रगति की जानकारी भी ली गई।
*बुनियादी शिक्षा में सुधार के लिए उपलब्धियों और कार्ययोजना पर चर्चा*(बुनियादी साक्षरता एवं संख्यात्मक ज्ञान) के अंतर्गत निपुण भारत मिशन के पांच वर्ष पूर्ण होने पर विकासखंडों की उपलब्धियों की समीक्षा की गई। इस दौरान बेसलाइन असेसमेंट रिपोर्ट और विद्यार्थियों के शैक्षणिक स्तर में सुधार के लिए तैयार कार्ययोजना पर चर्चा हुई। प्राचार्यों को विद्यार्थियों के अधिगम स्तर में सुधार लाने और निर्धारित शैक्षणिक लक्ष्यों को समयबद्ध तरीके से पूरा करने के निर्देश दिए गए।
*सेवा सेतु पोर्टल के उपयोग का दिया प्रशिक्षण*बैठक में एनआईसी रायगढ़ की टीम ने प्राचार्यों को सेवा सेतु पोर्टल के उपयोग एवं उसकी विभिन्न प्रक्रियाओं की जानकारी देते हुए प्रशिक्षण प्रदान किया। वहीं एमबीयू के संबंध में भी आवश्यक जानकारी दी गई और संबंधित कार्यों को निर्धारित समय-सीमा में पूरा कराने के निर्देश दिए गए। बैठक में प्राचार्यों को निर्देशित किया गया कि निर्धारित एजेंडे के प्रत्येक बिंदु पर विद्यालय स्तर पर आवश्यक कार्यवाही सुनिश्चित करें। लंबित प्रकरणों का शीघ्र निराकरण कर कार्यों की अद्यतन प्रगति प्रस्तुत करें।

