ओ.पी. जिंदल विश्वविद्यालय का 6वां दीक्षांत समारोह 1 अगस्त.. को माननीय राज्यपाल श्री रमेन डेका मुख्य अतिथि के रूप में करेंगे उपाधि एवं पदक प्रदान

ओ.पी. जिंदल विश्वविद्यालय का 6वां दीक्षांत समारोह 1 अगस्त को
माननीय राज्यपाल श्री रमेन डेका मुख्य अतिथि के रूप में करेंगे उपाधि एवं पदक प्रदान
रायगढ़ @संदेशा 24
ओ.पी. जिंदल विश्वविद्यालय, रायगढ़ का 6वां दीक्षांत समारोह 1 अगस्त 2026 को ओपी जिंदल स्कूल, रायगढ़ के सभागार में आयोजित किया जाएगा। इस गरिमामय अवसर पर छत्तीसगढ़ के माननीय राज्यपाल श्री रमेन डेका मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगे और विद्यार्थियों एवं शोधार्थियों को उपाधि एवं पदक प्रदान करेंगे।
विदित हो कि दीक्षांत समारोह किसी भी विश्वविद्यालय एवं उसके विद्यार्थियों के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण अवसर होता है। यह केवल शैक्षणिक उपलब्धियों का उत्सव नहीं, बल्कि विद्यार्थियों के परिश्रम, समर्पण और सफलता का गौरवपूर्ण प्रतीक भी है। विश्वविद्यालय प्रशासन द्वारा समारोह में भाग लेने वाले विद्यार्थियों के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं। दीक्षांत समारोह में भाग लेना, स्नातक पोशाक धारण करना तथा डिग्री प्रमाण-पत्र प्राप्त करना प्रत्येक छात्र का सपना होता है। अतः यह दिन न केवल विद्यार्थियों के लिए, बल्कि पूरे विश्वविद्यालय के लिए एक ऐतिहासिक और गौरवपूर्ण क्षण होता है।
ओ.पी. जिंदल विश्वविद्यालय, रायगढ़ के कुलपति डॉ. आर. डी. पाटीदार ने जानकारी देते हुए बताया कि विश्वविद्यालय का षष्ठम दीक्षांत समारोह अत्यंत गरिमामय रूप से आयोजित किया जाएगा। इस अवसर पर छत्तीसगढ़ के माननीय राज्यपाल श्री रमेन डेका मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगे। कार्यक्रम में जिंदल स्टील के चेयरमैन श्री नवीन जिंदल, छत्तीसगढ़ निजी विश्वविद्यालय विनियामक आयोग, रायपुर के अध्यक्ष प्रो. विजय कुमार गोयल, विश्वविद्यालय की चांसलर श्रीमती शालू जिंदल, जिंदल स्टील, रायगढ़ के एग्जीक्यूटिव डायरेक्टर श्री देबोज्योति रॉय एवं अन्य विशिष्ट अतिथिगण उपस्थित रहेंगे। इस 6वें दीक्षांत समारोह में विश्वविद्यालय के स्कूल ऑफ इंजीनियरिंग, स्कूल ऑफ मैनेजमेंट एवं स्कूल ऑफ साइंस के कुल 688 विद्यार्थियों को उपाधियाँ प्रदान की जाएंगी। साथ ही, 27 स्वर्ण, 28 रजत एवं 29 कांस्य पदक भी प्रदान किए जाएंगे। इसके अतिरिक्त शोधार्थियों को पीएचडी की उपाधि प्रदान की जाएगी।
डॉ. पाटीदार ने आगे बताया कि यह समारोह 1 अगस्त को पूर्वाह्न 11:00 बजे से ओ.पी. जिंदल स्कूल, रायगढ़ के सभागार में आयोजित किया जाएगा, जो दोपहर 2:30 बजे तक चलेगा। इस अवसर पर विद्यार्थी, अभिभावक एवं अतिथि बड़ी संख्या में उपस्थित होकर उपाधि प्राप्त करने वाले छात्रों का उत्साहवर्धन करेंगे। उन्होंने बताया कि दीक्षांत समारोह की तैयारियाँ सभी समन्वयकों द्वारा सुव्यवस्थित रूप से की जा रही हैं तथा अधिक से अधिक विद्यार्थियों की सहभागिता सुनिश्चित करने के प्रयास किए जा रहे हैं। डॉ. पाटीदार ने विद्यार्थियों से इस महत्वपूर्ण अवसर में अनिवार्य रूप से भाग लेने की अपील की। साथ ही, उन्होंने अभिभावकों से भी आग्रह किया कि वे अपने बच्चों के इस गौरवपूर्ण क्षण के साक्षी बनें और उन्हें प्रोत्साहित करें। उन्होंने आशा व्यक्त की कि सभी के सहयोग से यह 6वां दीक्षांत समारोह पूर्ववर्ती समारोहों की भांति ऐतिहासिक एवं सफल सिद्ध होगा।
ओपीजेयू के कुलसचिव डॉ. अनुराग विजयवर्गीय ने जानकारी देते हुए बताया कि दीक्षांत समारोह के दौरान ओ.पी. जिंदल विश्वविद्यालय के कुलपति डॉ. आर. डी. पाटीदार अकादमिक वर्ष 2025–26 का वार्षिक प्रतिवेदन प्रस्तुत करेंगे, जिसमें सत्र 2025–26 के दौरान विश्वविद्यालय द्वारा विभिन्न क्षेत्रों में अर्जित प्रमुख उपलब्धियों से सभी को अवगत कराया जाएगा।
विदित हो कि रायगढ़ के पुंजिपथरा स्थित, NAAC ‘A’ ग्रेड से मान्यता प्राप्त ओ.पी. जिंदल विश्वविद्यालय की स्थापना वर्ष 2014 में राज्य विधेयक अधिनियम 13 के अंतर्गत देश के प्रतिष्ठित औद्योगिक समूह—जिंदल समूह द्वारा की गई थी। इसका उद्देश्य देश एवं विदेश के विद्यार्थियों को विश्वस्तरीय शिक्षा एवं प्रशिक्षण प्रदान करना है। वर्तमान में विश्वविद्यालय में तीन प्रमुख स्कूल संचालित हैं—स्कूल ऑफ इंजीनियरिंग, स्कूल ऑफ मैनेजमेंट एवं स्कूल ऑफ साइंस। स्कूल ऑफ इंजीनियरिंग में डिप्लोमा, बी.टेक., एम.टेक. एवं पीएचडी कार्यक्रम; स्कूल ऑफ मैनेजमेंट में बीबीए, बी.कॉम (ऑनर्स), बीए (ऑनर्स), एमबीए एवं पीएचडी; तथा स्कूल ऑफ साइंस में बी.एससी., एम.एससी. एवं पीएचडी कार्यक्रम संचालित किए जा रहे हैं। विश्वविद्यालय विश्वस्तरीय पाठ्यक्रम, उत्कृष्ट संकाय, आधुनिक शिक्षण पद्धतियों तथा अत्याधुनिक अधोसंरचना के माध्यम से विद्यार्थियों को एक सशक्त एवं जीवंत शैक्षणिक वातावरण प्रदान करने के लिए प्रतिबद्ध है। साथ ही, यह संस्थान विज्ञान, प्रौद्योगिकी एवं प्रबंधन के क्षेत्र में गुणवत्तापूर्ण एवं वैश्विक स्तर की शिक्षा प्रदान करने हेतु निरंतर समर्पित रूप से कार्यरत है।

