पढ़ाई तुंहर द्वार के संबंध में समीक्षा बैठक में अनुपस्थित रहना 23 प्राचार्य व संकुल समन्वयकों को पड़ा महंगा*
?️ *पहुंच विहीन छात्रों को शिक्षा से जोड़े रखने शिक्षक करें कार्य-सीईओ सुश्री चौधरी, शिक्षा विभाग की ली समीक्षा बैठक*
?️ *पढ़ाई तुंहर द्वार के संबंध में समीक्षा बैठक में अनुपस्थित रहना 23 प्राचार्य व संकुल समन्वयकों को पड़ा महंगा*
*रायगढ़ टॉप न्यूज 25 जुलाई।* जिला पंचायत सीईओ सुश्री ऋचा प्रकाश चौधरी ने वीडियो कान्फ्रेंसिंग के माध्यम से शिक्षा विभाग की जिला स्तरीय समीक्षा बैठक ली। इस दौरान उन्होंने कहा कि कोरोना संकट के बीच बच्चों की पढ़ाई में रूकावट न आये इसके लिए सभी को सामुहिक रूप से अपने दायित्वों का निर्वहन करना होगा। शिक्षक अपने विद्यालय के बच्चों को शासकीय दिशा-निर्देशों के बीच कैसे पढ़ाई से जोड़े रख सकते है इसके लिए नवाचार लाते हुये शिक्षण कार्य जारी रखें।
सीईओ सुश्री चौधरी ने बैठक में जिले में पहुंच विहीन छात्रों को पढ़ई तुंहर दुआर योजना से जोडऩे के लिये विस्तार से चर्चा की। जिन बच्चों तक यह योजना नहीं पहुंच पा रही है उन तक वैकल्पिक रूप से ‘पढ़ई तुंहर पारा ‘ मोटर सायकल व माइक के द्वारा पढ़ाई करवाने के निर्देश दिये। साथ ही अधिकारियों से ऐसे छात्र जिनके पास स्मार्ट फोन है, जिनके पास कीपेड फोन है तथा जिनके पास किसी भी तरीके का फोन नहीं है इसकी अलग-अलग संख्यात्मक जानकारी तैयार करने के लिए कहा। उन्होंने सभी शिक्षकों को शत-प्रतिशत स्मार्ट फोन का उपयोग करने के निर्देश दिये। ऑनलाईन क्लास जनरेट करने में आ रही समस्या को देखते हुये यूट्यूब में ट्यूटोरियल वीडियो पोस्ट कर उसे अधिक से अधिक शेयर करने के लिए भी कहा।
सीईओ सुश्री चौधरी ने अधिकारियों से कहा कि पढ़ई तुंहर दुआर को शुरू हुए लगभग साढ़े तीन-चार माह हो चुके है अत: इस अवधि की पूरे जिले में प्रगति की समीक्षा की जाए तथा एक विस्तृत कार्ययोजना बनाकर आगे की पढ़ाई जारी रखे। उन्होंने शास.कन्या उच्च.माध्य.विद्यालय (पुत्रीशाला) तथा शास.नटवर हायर सेकेण्डरी उच्च.माध्यमिक विद्यालय द्वारा अपेक्षित संख्या में ऑनलाईन क्लासेस नहीं लिये जाने पर नाराजगी व्यक्त की।
बैठक में अनुपस्थित पाये गये प्राचार्यो व संकुल स्त्रोत समन्वयकों व अन्य को शो-काज नोटिस जारी करने के निर्देश जिला शिक्षा अधिकारी को दिए। इस बैठक में राजीव गांधी शिक्षा मिशन के जिला समन्वयक श्री रमेश देवांगन, सहायक संचालक शिक्षा श्रीमती दीप्ति अग्रवाल, सहायक संचालक सुश्री तरसिला एक्का, श्री भूपेन्द्र पटेल, श्री भुनेश्वर पटेल, श्री शैलेन्द्र कर्ण के साथ जिले के हाई तथा हायर सेकेण्डरी व अन्य स्कूलों के प्राचार्य, बीईओ, बीआरसी व संकुल स्त्रोत समन्वयक भी जुड़े।
*जिला शिक्षा अधिकारी ने जारी किया कारण बताओ नोटिस*
आज 25 जुलाई को मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत रायगढ़ द्वारा समस्त विकास खण्ड शिक्षा अधिकारी/प्राचार्य/ संकुल समन्वयकों का पढ़ाई तुहंर द्वार के संबंध में समीक्षा की गई। जिसमें करीब 23 प्राचार्य/ संकुल प्रभारी अनुपस्थित पाये गये। जिसके बाद जिला शिक्षा अधिकारी ने सभी को कारण बताओ नोटिस जारी कर कहा है कि समीक्षा में आपका अनुपस्थित रहना कर्तव्य के प्रति घोर लापरवाही को परिलक्षित करता है। जो कि सिविल सेवा आचरण नियम 1965 के विपरीत है। नोटिस जारी कर उक्त प्राचार्य व संकुल प्रभारियों को स्वयं उपस्थित होकर अपना जवाब प्रस्तुत करने के लिए कहा है। जबाव संतोषप्रद नही होने की स्थिति में अनुशासनात्मक कार्यवाही की जाएगी।

